श्री हरमंदर साहिब को जाती 66 केवी अंडरग्राउंड केबल डैमेज

भास्कर न्यूज | अमृतसर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत नगर निगम की तरफ से घी मंडी से श्री हरमंदर साहिब जाने वाले रास्ते पर पाइपें बिछाने का काम किया जा रहा है। इस दौरान डिच मशीन से खुदाई करते समय घी मंडी से श्री हरमंदर साहिब को जाने वाली 66 केवी अंडरग्राउंड केबल डैमेज हो गई। वीरवार शाम करीब 7:00 बजे हुई इस लापरवाही के कारण श्री हरमंदर साहिब का अपना 66 केवी बिजली घर पूरी तरह से बंद हो गया। केबल डैमेज होते ही एक बार श्री हरमंदर साहिब की बिजली सप्लाई प्रभावित हुई, लेकिन वहां लगे बड़े जनरेटरों को तुरंत चालू कर व्यवस्था संभाली गई। इसके बाद पावरकॉम के टेक्निकल स्टाफ ने मुस्तैदी दिखाते हुए श्री हरमंदर साहिब की बिजली सप्लाई को माल मंडी 132 केवी जीटी रोड बिजली घर से सराय गुरु रामदास के रास्ते 11 केवी गोल्डन टेंपल फीडर के साथ जोड़कर वैकल्पिक रूप से बहाल कर दिया है। पावरकॉम के अनुसार, इस मुख्य अंडरग्राउंड लाइन को पूरी तरह ठीक करने में 48 घंटे से ज्यादा का समय लग सकता है। केबल को दुरुस्त करने के लिए दिल्ली की ‘थ्री मैन इंटरप्राइजेज' से हरप्रीत सिंह अपनी विशेष टीम के साथ अमृतसर पहुंचे हैं और केबल जॉइंट करने का काम शुरू कर दिया गया है। इस मरम्मत कार्य पर करीब 20 लाख रुपए से ज्यादा खर्च होने का अनुमान है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पीएंडएम के एसई इंजी. परउपकार सिंह, एक्सईएन इंडस्ट्रीज इंजी. हरदीप सिंह सेखो, और एक्सईएन इंजी. गगन भाटिया समेत पावरकॉम के कई उच्च अधिकारी और कर्मचारी लगातार मौके पर मौजूद रहकर काम की निगरानी कर रहे हैं।