भगवान वाल्मीकि तीर्थ सरोवर कारसेवा पर संत समाज में मतभेद, दो धड़ों ने किया शुभारंभ

भास्कर न्यूज | अमृतसर सरकार की ओर से भगवान वाल्मीकि तीर्थ के सौंदर्यीकरण को लेकर 17 करोड़ 73 लाख रुपए खर्च किए जाने हैं, जिसमें सरोवर की कारसेवा भी शामिल है। सरकार ने तीर्थ के इस पूरे सौंदर्यीकरण का कामकाज श्री वाल्मीकि तीर्थ श्राइन बोर्ड के चेयरमैन बालयोगी महंत बाबा प्रगट नाथ को सौंपा है। वहीं, पवित्र सरोवर की कारसेवा को लेकर तीर्थ के संत समाज और वाल्मीकि समाज में फिलहाल मतभेद पैदा हो गया है। मंगलवार को जहां बालयोगी महंत बाबा प्रगट नाथ की अध्यक्षता में सरोवर की कारसेवा का शुभारंभ कर दिया गया, वहीं उसके अगले दिन श्री धुन्ना साहिब के गद्दीनशीन महंत मलकीत नाथ, महंत गिरधारी नाथ और संत सेवक नाथ समेत अन्य संतों ने मिलकर दोबारा सरोवर की कारसेवा का शुभारंभ कर दिया। इससे पहले संगत को संबोधित करते हुए संत समाज ने कहा कि सरोवर की कारसेवा सरकार की ओर से नहीं बल्कि संत समाज द्वारा की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कारसेवा में सरकार का एक भी पैसा नहीं लगाया जाएगा। महंत मलकीत नाथ और अन्य संतों ने मिलकर सरोवर के जल से घड़े भरकर कारसेवा करने का बिगुल बजा दिया।