नशा तस्कर की अवैध कब्जे की दीवार को गिराया: ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ अभियान के तहत 25वीं डिमोलिशन कार्रवाई

भास्कर न्यूज | अमृतसर युद्ध नशे विरुद्ध अभियान के तहत शुक्रवार को नशा तस्कर के घर के बाहर अवैध कब्जा कर खड़ी की गई दीवार पर कार्रवाई की गई। नगर निगम और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने गेट हकीमां के फकीर सिंह कॉलोनी, अन्नगढ़ इलाके में एक कथित नशा तस्कर घर के बाहर शैड और दीवार को गिराया। यह अभियान के तहत अमृतसर में की गई 25वीं डिमोलिशन कार्रवाई बताई जा रही है। यह प्रॉपर्टी सुखदेव सिंह उर्फ आकाश निवासी फकीर सिंह कॉलोनी की बताई गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट के तहत छह मामले दर्ज हैं। वहीं सीपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने उक्त इलाके के बच्चों को रहने वाले लोगों से मुलाकात की। सभी को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर पुलिस टीम के साथ पहुंचे। जिन्होंने कार्रवाई का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी सुखदेव सिंह की उम्र 28 साल है और वह ई-रिक्शा चलाने का काम करता था। वह 8 अप्रैल से जेल से बाहर जमानत पर आया है। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2020 से लेकर 2026 तक एनडीपीएस एक्ट के तहत छह एफआईआर दर्ज हैं, जबकि तीन बार उसके खिलाफ प्रिवेंटिव कार्रवाई भी की गई। उन्होंने बताया कि 1 जनवरी से 11 जून 2026 तक “युद्ध नशे विरुद्ध” अभियान के तहत तेज कार्रवाई की गई। इस दौरान जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत 877 मामले दर्ज किए गए और 1481 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 85.175 किलो हेरोइन, 11.438 किलो मेथामफेटामाइन (आईस), 25.84 लाख रुपए की ड्रग मनी और 31 वाहन बरामद किए हैं। इसके अलावा नशा छुड़ाओ केंद्रों और ओओएटी केंद्रों के जरिए नशा पीड़ितों को उपचार से जोड़ने का अभियान भी चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशा तस्करी और नशे के दुरुपयोग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।