पनबस, रोडवेज और पीआरटीसी कांट्रेक्ट वर्कर्स यूनियन की हड़ताल के चलते सरकारी बसें न चलने से बस स्टैंड पर दिनभर यात्री परेशान, शाम को मीटिंग...

भास्कर न्यूज | अमृतसर पनबस, रोडवेज और पीआरटीसी कांट्रेक्ट वर्कर यूनियन हड़ताल के चलते बुधवार को सरकारी बस सेवा प्रभावित रही। सरकारी बसों में मुफ्त सफर करने वाली महिलाओं को निजी बसों में किराया खर्च कर जाना पड़ा। हड़ताल के दौरान जालंधर- लुधियाना डिपो की पीआरटीसी की 10 तथा अमृतसर डिपो से 15 बसें ही पक्के ड्राइवरों और कंडक्टरों के माध्यम से चलाई गईं। सामान्य दिनों की तुलना में बसों की संख्या काफी कम रहने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सरकारी बसें न चलने से निजी बस संचालकों की चांदी रही। गांव पलाह साहिब, एयरपोर्ट रोड निवासी किरण ने बताया कि बेटी के साथ एक घंटे से सरकारी बस का इंतजार कर रही हैं। उन्हें मुकेरियां बह के पास जाना है। हड़ताल की कोई जानकारी नहीं थी। सरकारी बस का इंतजार करते-करते परेशान हो गईं है। प्रशासन को पहले सूचना देनी चाजिए ताकि यात्री परेशान न हों। आखिरकार किरण निजी बस पर चढ़ गई। प्रिया निवासी जालंधर ने बताया कि परिवार की 7 महिलाए और 3 बच्चों के साथ अमृतसर घूमने आई थीं। करीब एक घंटे तक प्लेटफॉर्म नंबर-8 पर सरकारी बस का इंतजार कर रहे हैं लेकिन बस नहीं पहुंची। अब निजी बस में जाने के लिए करीब 1000 रुपए अधिक खर्च करने पड़ेंगे, जबकि सरकारी बस मिलने पर यह खर्च नहीं होता। जालंधर निवासी रीना अपने भाई अमन की आंख का ऑपरेशन करवाने अमृतसर आई थीं। एक घंटे से वह एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर भटकती रहीं, मगर कोई सरकारी बस नहीं मिली। उन्होंने चंडीगढ़ और लुधियाना जाने वाली सरकारी बसों में भी बात की, लेकिन उन्हें नहीं बैठाया गया। भाई की हालत बताने के बावजूद कोई राहत नहीं मिली। रीना बाद में निजी बस से जालंधर के लिए रवाना हुईं। वहीं दूसरी ओर यूनियन ने मांगों को लेकर रोडवेज वर्कशॉप में धरना देकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। शाम को सरकार के साथ हुई बैठक में आश्वासन मिलने के बाद हड़ताल स्थगित कर दी है। वीरवार को सरकारी बस सेवा सामान्य रहेगी। यूनियन के अनुसार, बैठक में सरकार ने भरोसा दिलाया कि विभाग की अपनी बसों को प्राथमिकता के आधार पर शामिल किया जाएगा और अगले एक माह में नई बसें आनी शुरू हो जाएंगी।अन्य मांगों को लेकर परिवहन मंत्री के साथ भी 2 से 4 दिन में बैठक होगी। फोटो : सुनील कुमार