अपमानजनक टिप्पणियों की रंजिश में घर में घुसकर हमला, बुजुर्ग की मौत

भास्कर न्यूज | अमृतसर सुल्तानविंड थाना क्षेत्र के ग्रैंड एस्टेट भाई मंझ रोड पर अपमानजनक टिप्पणियों के विवाद में घर में घुसकर हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में घायल हुए बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने जज्ज, गोगा कोसलर और मट्टी निवासी ग्रैंड एस्टेट के खिलाफ हत्या, मारपीट और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता हरकीरत सिंह उर्फ सागर पुत्र इकबाल सिंह निवासी मकान नंबर 63-बी, ग्रैंड एस्टेट भाई मंझ रोड अमृतसर ने बताया कि वहएक होटल चलाता है। 10 जून की रात करीब 9:15 बजे माता-पिता के साथ घर में मौजूद था। इसी दौरान आरोपी जज्ज अपनी पत्नी और साथी मट्टी के साथ पिस्टल लेकर घर में घुस आया और मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित के अनुसार कुछ देर बाद 8 से 10 युवक और मौके पर पहुंच गए, जिनमें गोगा कोसलर भी शामिल था। आरोपियों ने उसके पिता पर हमला कर दिया। झगड़े में उसे भी चोटें लगीं। गंभीर हालत में पिता को मेडकार्ड अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपियों के साथ पहले भी विवाद हो चुका था। आरोपी अपमानजनक टिप्पणियां करता था, जिस कारण दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।