अमृतसर| अमृतसर और आसपास के क्षेत्रों में वीरवार शाम आई तेज आंधी-बारिश के कारण पावरकॉम को भारी नुकसान हुआ है। बिजली के कई टावर, ट्रांसफार्मर, खंभे और करीब 80 किमी लंबी लाइनें टूटने से आपूर्ति ठप हो गई। करीब 48 घंटे बीतने के बाद भी कई ग्रामीण व शहरी इलाकों के लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। कर्मचारियों की भारी कमी के बीच संकट के इस समय ग्रामीण अपने ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लेकर पावरकॉम कर्मियों की मदद के लिए पहुंचे। भीषण गर्मी के बावजूद फताहपुर, छेहर्टा, अटारी, तरनतारन और चौगावां सहित कई इलाकों में बिजली गुल रही। लगातार 48 घंटे काम करने से कर्मचारी भी बुरी तरह थक चुके हैं। अधिकारियों के मुताबिक, पहले घरों की सप्लाई बहाल की जा रही है, जबकि रविवार और सोमवार से खेती फीडर चालू होंगे। अजनाला के चक्क डोगरा व दयाल भडंग में गिरे 66 केवी टावरों और बंद पड़े सांघना व बासरके बिजली घरों को शनिवार शाम चालू कर दिया गया।

