पूर्व पार्षद शैली पर एमएलआर रिपोर्ट को लेकर एसएमओ से बदसलूकी का आरोप
- Neha Gupta
- Jun 13, 2026
भास्कर न्यूज | अमृतसर सिविल अस्पताल में शुक्रवार को एक मेडिको-लीगल रिपोर्ट (एमएलआर) को लेकर विवाद सामने आया है। एसएमओ डॉ. रजनीश कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10.40 बजे पूर्व पार्षद शैलिंदर सिंह शैली, केशव और सुभाष सहगल बिना अनुमति अस्पताल के कमरा नंबर 1-ए में पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि लगाया कि उक्त लोग एक पुरानी एमएलआर को लेकर उनके साथ बहस करने लगे और रिपोर्ट संबंधी मामले में दबाव बनाने का प्रयास किया। डॉ. शर्मा के अनुसार उन्होंने उक्त लोगों को समझाया कि यदि मेडिकल रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं हैं तो नियमानुसार सिविल सर्जन अमृतसर अथवा जांच अधिकारी (आईओ) के माध्यम से मेडिकल बोर्ड गठित करवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके बावजूद विवाद जारी रहा, जिससे अस्पताल के नियमित कार्य प्रभावित हुए और उन्हें मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा। एसएमओ ने बताया कि यह मामला 29 मई 2026 को तैयार की गई एक मेडिको-लीगल रिपोर्ट से जुड़ा है। उस दिन इमरजेंसी मेडिकल अफसर डॉ. पूनम अरोड़ा ने शैलिंदर सिंह शैली की एमएलआर तैयार की थी, जिसमें कुछ चोटों को एक्स-रे रिपोर्ट के अधीन रखा गया था। प्राथमिक एक्स-रे में किसी प्रकार का फ्रैक्चर सामने नहीं आया। इसके बाद 5 जून को सिविल सर्जन अमृतसर के पत्र के आधार पर मामले की दोबारा जांच करवाई गई। 6 जून को रेडियोलॉजिस्ट डॉ. नवदीप सोही की ओर से जारी रिपोर्ट में सिर और बाएं हाथ में किसी प्रकार का फ्रैक्चर नहीं पाया गया। इसके बाद बाद करवाए गए सीटी स्कैन में भी फ्रैक्चर की पुष्टि नहीं हुई। जिसके आधार पर अस्पताल प्रशासन की ओर से संबंधित डॉक्टर की ओर से नियमानुसार अंतिम मेडिको-लीगल रिपोर्ट तैयार कर संबंधित जांच अधिकारी तथा थाना बी डिवीजन पुलिस को भेज दी गई थी। डॉ. रजनीश ने अपनी शिकायत के साथ एमएलआर, अंतिम मेडिकल रिपोर्ट, एक्स-रे रिपोर्ट और सीटी स्कैन रिपोर्ट सहित अन्य संबंधित दस्तावेज भी पुलिस को सौंपे हैं। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, सरकारी अधिकारी से बदसलूकी करने तथा अस्पताल के कामकाज में हस्तक्षेप करने के मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उधर, ए डिवीजन के थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जसजीत सिंह गिल ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर गए थे। उन्होंने बताया कि एसएमओ डॉ. रजनीश कुमार शर्मा ने लिखित शिकायत की है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि पूर्व पार्षद शैली का नाम हाल ही में थाना बी-डिवीजन में दर्ज एक अन्य आपराधिक मामले में भी सामने आया है।

