दोहरे संकट में गोइंदवाल प्लांट, 24 घंटे से बिजली जेनरेशन बंद, सप्लाई लाइन डैमेज, आज से कर्मी भी पूर्ण हड़ताल पर
- DSS Admin
- Jun 13, 2026
भास्कर न्यूज | अमृतसर वीरवार शात आंधी से गोइंदवाल साहिब का श्री गुरु अमरदास थर्मल प्लांट दोहरी परेशानी में फंस गया है। प्लांट के कर्मचारी 4 दिन से हड़ताल पर हैं और ऊपर से आंधी ने प्लांट से डिस्ट्रीब्यूशन सेंटरों तक जाती सप्लाई लाइन डैमेज कर दी। इसलिए शुक्रवार रात 8 बजे तक प्रोडक्शन शुरू नहीं की जा सकी। दूसरी तरफ शनिवार से कर्मचारी यूनियन भी काम पूरी तरह ठप करने का ऐलान कर दिया है। हालांकि प्रबंधन का दावा है कि कर्मचारियों को ऐसा न करने के लिए मना लिया जाएगा। प्लांट से 3 जगह सप्लाई जाती है। तीनों सप्लाई लाइन डैमेज होने के कारण प्रोडक्शन बंद की गई है। शुक्रवार को 2 बार सप्लाई लाइन की टेस्टिंग की गई मगर यह सफल नहीं रही। इसे ठीक करने में रात को भी टीमें लगी थी। इस प्लांट की क्षमता 540 मेगावाट है। जो कि पंजाब की कुल प्रोडक्शन 16000 हजार मेगावाट का 3 से 4 प्रतिशत है। यहां 270–270 मैगावाट के दो प्लांट है। कर्मचारी लंबे समय से मांग कर रहे हैं कि उन्हें पावरकॉम में शामिल किया जाए, लेकिन अभी तक सरकार की ओर से कोई फैसला नहीं लिया गया है। वीरवार को चीफ इंजीनियर एसपी सिंह कर्मचारियों से बातचीत करने पहुंचे। बैठक के दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगें रखीं और जल्द समाधान की मांग की, लेकिन बातचीत किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। पावर प्लांट वर्कर यूनियन के प्रदेश प्रधान गुरप्रीत सिंह ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही आउटसोर्स कर्मचारियों को विभाग में शामिल करने का नोटिफिकेशन जारी नहीं किया तो 13 जून से कर्मचारी काम का बहिष्कार करेंगे और प्लांट का काम पूरी तरह बंद कर देंगे। इससे पंजाब में बिजली सप्लाई पर भी असर पड़ने की आशंका है। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों का लिखित समाधान नहीं किया जाता, तब तक धरना और संघर्ष जारी रहेगा।

