अमृतसर एयरपोर्ट के लिए बस सेवा शुरू करे सरकार: अमृतसर विकास मंच

अमृतसर| अमृतसर विकास मंच (एवीएम) ने पंजाब सरकार पर अमृतसर हवाई अड्डे की अनदेखी कर दिल्ली हवाई अड्डे पर मेहरबानी दिखाने का कड़ा आरोप लगाया है। मंच के पदाधिकारियों, प्रिंसिपल कुलवंत सिंह अनखी और मनमोहन सिंह बराड़ ने कहा कि सरकार ने हाल ही में दिल्ली एयरपोर्ट के लिए नई वोल्वो बसें चलाईं, लेकिन श्री गुरु रामदास जी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए पंजाब रोडवेज की साधारण बसें तक उपलब्ध नहीं करवाईं। नेताओं ने बताया कि देश-विदेश से आने वाले पंजाबी प्रवासियों की पहली इच्छा श्री हरिमंदिर साहिब के दर्शन करने की होती है, लेकिन परिवहन संपर्क शून्य होने के कारण उन्हें भारी परेशानी उठानी पड़ती है। मंच ने सरकार से मांग की है अमृतसर बस स्टैंड सहित पठानकोट, गुरदासपुर, जालंधर, लुधियाना, होशियारपुर जैसे प्रमुख शहरों से अमृतसर एयरपोर्ट तक सीधी बस सेवा जल्द शुरू की जाए।