भास्कर न्यूज | अमृतसर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की देखरेख में चल रहे सिख मिशन गुजरात और राजस्थान की ओर से माउंट आबू (राजस्थान) के गुरुद्वारा श्री गुरु नानक दर्शन में सालाना गुरमत समागम करवाया गया। इसमें पंजाब, गुजरात और राजस्थान के अलग-अलग शहरों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। समागम में श्री सहज पाठ साहिब के भोग के बाद सचखंड श्री हरमंदर साहिब के हजूरी रागी भाई गुरलाल सिंह के जत्थे ने कीर्तन किया। सिख मिशन के प्रचारक भाई कुलदीप सिंह और भाई मनविंदर सिंह सुनाम ने कथा-कीर्तन के जरिए संगत को सिख इतिहास से जोड़ा। समागम में विशेष तौर पर पहुंचे धर्म प्रचार कमेटी के सदस्य भाई अजायब सिंह अभिलासी ने बताया कि एसजीपीसी देश के अलग-अलग राज्यों में सिख मिशनों के जरिए धर्म प्रचार की बड़ी सेवा कर रही है। उन्होंने संगत से अपील की कि वे अपने बच्चों को गुरमत से जोड़ें और अमृतधारी बनें। उपसचिव सुखबीर सिंह ने भी कार्यक्रमों में शिरकत की। इस मौके पर नत्था सिंह, परमजीत सिंह, लखबीर सिंह, गुरप्रीत सिंह सरहाली, परमिंदर सिंह आदि मौजूद रहे।

