मजीठिया मामले में सुनवाई: अदालत ने पुलिस से मांगी थाने की सीसीटीवी फुटेज, 15 को होगी अगली सुनवाई
- Neha Gupta
- Jun 12, 2026
भास्कर न्यूज | अमृतसर अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ दर्ज एफआईआर नंबर 91 के मामले में वीरवार को जिला अदालत में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान अदालत ने थाना मजीठा की सीसीटीवी फुटेज पेश न करने पर पुलिस से सख्त सवाल किए। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 15 जून की तारीख तय कर दी। मामले में आरोप है कि बिक्रम मजीठिया और उनके 50 से ज्यादा समर्थकों ने थाना मजीठा के भीतर पुलिस दस्तावेज फाड़े और सरकारी काम में बाधा डाली। इसी आरोप के आधार पर पुलिस ने एफआईआर नंबर 91 दर्ज की थी। बचाव पक्ष की ओर से एडवोकेट अजय कुमार वरमानी ने अदालत में दलील देते हुए कहा कि यह मामला पूरी तरह राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़ा हुआ है। पंचायत चुनावों के बाद बने विवादों के चलते यह केस दर्ज किया गया। वरमानी के अनुसार, बिक्रम सिंह मजीठिया और अन्य अकाली नेता केवल एक व्यक्ति की गिरफ्तारी संबंधी जानकारी लेने के लिए थाना मजीठा पहुंचे थे और उन्होंने पुलिस से गिरफ्तारी से जुड़े दस्तावेज दिखाने की मांग की थी।

