मानवीय पहल: सेंट्रल जेल के ट्रांजिट कैंप से 9 बांग्लादेशी नागरिकों की वतन वापसी

भास्कर न्यूज | अमृतसर अमृतसर केंद्रीय जेल के ट्रांजिट कैंप में रह रहे 9 बांग्लादेशी नागरिकों के लिए वीरवार का दिन नई उम्मीद लेकर आया। जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी (डीएलएसए) और जेल प्रशासन की मानवीय पहल के तहत कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद इन्हें सफलतापूर्वक उनके देश वापस भेज दिया गया है। वतन लौटने वालों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। यह दल 11 जून की तड़के करीब 4 बजे केंद्रीय जेल से ट्रेन के जरिए रवाना हुआ। करीब 30 घंटे की रेल यात्रा के बाद सीमा पर पहुंचने पर इन्हें बांग्लादेशी अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। डीएलएसए के सचिव अमरदीप सिंह बैंस ने विभिन्न विभागों से तालमेल कर कागजी प्रक्रिया को तेज करवाया।