न्यूजीलैंड से आई पत्नी को नशीला दूध पिला बेटे को ले फरार हुआ पति

भास्कर न्यूज | अमृतसर गुरुद्वारा शहीदां साहिब सराय न्यूजीलैंड से आई पत्नी को नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर 5 साल के बेटे को कथित तौर पर अगवा करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पति सुखदीप सिंह सहित ससुराल परिवार के खिलाफ शुक्रवार को केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता रमणप्रीत कौर मूल निवासी गांव बाहोपुर, जालंधर और वर्तमान में न्यूजीलैंड के व्हांगारेई में रह रही हैं। पुलिस को दिए बयान में बताया कि लव-कम-अरेंज मैरिज 20 नवंबर 2019 को दोनों परिवारों की सहमति से हुई थी। शादी के बाद वह पति सुखदीप सिंह के साथ न्यूजीलैंड रहने लगीं। उनका एक 5 साल का बेटा साहिबजोत सिंह है। महिला ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही पति सुखदीप सिंह, ससुर गुरमीत सिंह, सास परमजीत कौर और जेठ गुरदीप सिंह दहेज को लेकर प्रताड़ित करते थे। विरोध करने पर पति मारपीट भी करते थे। रमणप्रीत कौर ने बताया कि 9 जून की रात परिवार अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचा और गुरु घर माथा टेकने के लिए बाबा भूरी वालों की सराय में रुका। आरोप है कि रात को पति दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर जबरन पिला दिया, जिससे बेहोश हो गईं। सुबह होश आने पर पति और बेटा कमरे से गायब थे। महिला के अनुसार पति उसका भारतीय पासपोर्ट, 2 हजार न्यूजीलैंड डॉलर, आधार कार्ड, बैंक कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज भी साथ ले गया। फोन करने पर पति ने कहा कि वह श्री दरबार साहिब में है और शाम तक लौट आएगा, लेकिन बाद में मोबाइल बंद कर लिया। महिला ने बताया कि जब वह ससुराल पहुंची तो घर पर ताला लगा था। सास ने फोन पर कहा कि उन्हें कुछ नहीं पता। इसके बाद पीड़िता अपने मायके पक्ष के पास जालंधर चली गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। बच्चे की तलाश और आरोपियों की लोकेशन ट्रेस करने के प्रयास किए जा रहे हैं।