20 को दिल्ली धरने में जरूर जाएंगे : तुषार

विक्की कुमार | अमृतसर शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के फाउंडर अभिजीत दीपके शहर पहुंचे। गोल्डन गेट पर सीजेपी के प्रदर्शन के लिए 700 लोगों की मंजूरी आप प्रवक्ता ने ली थी मगर 300 युवा भी नहीं पहुंचे। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिए धरने में बुजुर्गों, ईटीटी टीचर्स, आम आदमी पार्टी के यूथ विंग के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और कुछ स्थानीय पार्षद भी पहुंचे। सीजेपी फाउंडर दीपके की गाड़ी में "आप' के प्रवक्ता श​िशवीर शर्मा साथ प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। इतना ही नहीं उनकी स्टेज पर दीपके के साथ यूथ विंग के जिला वाइस प्रधान जेएस राहुल भी साथ थे। हैरानी की बात यह रही कि इस धरने में पंजाब के अलग-अलग हिस्सों जैसे लुधियाना, बटाला, गुरदासपुर और यहां तक कि झारखंड से भी युवा पहुंचे थे। वहीं, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और यूट्यूबर भी बड़ी संख्या में कैमरे चमकाते नजर आए। दीपके के गोल्डन गेट पर पहुंचने पर एडीसीपी ट्रैफिक अमनदीप कौर मौके पर पहुंची और अचानक रुट ही बदल दिया। शहर के अंदर एंटर करने वाले वाहनों का ट्रैफिक दर्शन सिंह एवेन्यू की तरफ डायवर्ट कर दिया गया। अचानक रूट बदलने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और नीट पेपर लीक जैसे गंभीर छात्र मुद्दों पर शुरू आंदोलन में अचानक आप वर्करों और पार्षदों की एंट्री ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। चर्चा है कि क्या इस छात्र आंदोलन को पर्दे के पीछे से कोई राजनीतिक सपोर्ट मिल रहा है? दबी जुबान में लोगों ने कहा कि दीपके को स्पष्ट करके जाना चाहिए कि सीजेपी किसी भी पार्टी की कोई बी टीम तो नहीं है। अगर ऐसा हुआ तो पंजाब के लोग उन्हें सिरे से नकार देंगे। लुधियाना से सीजेपी के समर्थन में पहुंचे अर्शदीप सिंह का कहना था कि नीट और सीबीएसई स्टूडेंट्स के साथ धोखा हुआ है। उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश की गई है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा ले लेना चाहिए, क्योंकि उनकी वजह से बच्चों के भविष्य खराब हुए है। मांग पूरी होने तक पीछे नहीं हटेंगे। झारखंड से पहुंचे तुषार अभिराज का कहना था कि कॉकरोच जनता पार्टी ने स्टूडेंटस के मुद्दों को उठाया है। अगर उनकी मांग की ओर ध्यान नहीं दिया जाता है तो यह संघर्ष और तेज किया जाएगा। उन्होंने दीपके की ओर से 20 जून को दिल्ली मे ं लगाए जाने वाले मोर्चे को भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि 20 को जरुर वहां जाएंगे। कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके अमृतसर में शहीद भगत सिंह की तस्वीर लेकर पहुंचे। वहीं इससे पहले दिल्ली में बाबा साहेब की तस्वीर हाथ में लेकर पहुंचे थे। सीजेपी की ओर से इस प्रदर्शन के लिए बकायदा परमिशन ली गई थी। प्रशासन ने शाम 4 से 7 बजे तक केवल 700 लोगों के इकट्ठा होने की मंजूरी दी थी। सबसे बड़ी बात यह कि प्रशासन ने स्टेज लगाने की परमिशन नहीं दी थी, लेकिन नियमों को ताक पर रखकर स्टेज तैयार कर लिया गया। पुलिस ने परमिशन में यही कहा था कि वह सिर्फ गाड़ी से ही अपना भाषण देंगे। वहीं दीपके ने पंजाब सरकार और पुलिस से अपने काफिले के लिए एस्कॉर्ट गाड़ी और विशेष सुरक्षा की मांग की थी जिसे प्रशासन ने सिरे से खारिज कर दिया। वहीं वीआईपी सुरक्षा न मिलने के बावजूद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस के जवान तैनात रहे, ताकि स्थिति नियंत्रण से बाहर न हो।