भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब सरकार और पावरकॉम मैनेजमेंट द्वारा वादे पूरे न किए जाने के विरोध में आउटसोर्स कर्मचारी 16 जून से एक बार फिर हड़ताल पर जाएंगे। इसके साथ ही 17 जून से पटियाला में अनिश्चितकालीन पक्का धरना दिया जाएगा। इस संघर्ष की रूपरेखा तैयार करने के लिए आउटसोर्स एम्प्लॉयज फेडरेशन पंजाब की एक विशेष बैठक कुलजीत सिंह लौहका की अध्यक्षता में हुई। बैठक में कर्मचारियों ने बताया कि 24 मई को सरकार और मैनेजमेंट के साथ हुए समझौते में आश्वासन मिला था कि 15 जून तक सभी आउटसोर्स कर्मियों को सीधे कॉन्ट्रैक्ट पर लिया जाएगा और वेतन बढ़ाया जाएगा। लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने से साफ है कि मैनेजमेंट गंभीर नहीं है। फेडरेशन ने चेतावनी दी कि यदि 15 जून तक मांगें पूरी नहीं हुईं, तो 16 जून से मुकम्मल काम बंद कर हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। आंदोलन को सफल बनाने के लिए डिवीजन और सर्किल स्तर पर जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। इस मौके पर तरनजीत सिंह, अमित कुमार शर्मा, तरनदीप सिंह विरदी, विशाल शर्मा, अमनदीप सिंह और पवनदीप सिंह सहित कई कर्मचारी उपस्थित रहे।

