सेलिब्रेशन मॉल से फोर एस चौक तक हटाया अवैध अतिक्रमण, रेहड़ी-फड़ियां और सामान किया जब्त

नगर निगम अमृतसर द्वारा शहर में अवैध कब्जों और ट्रैफ़िक जाम की समस्या से निपटने के लिए एक बड़ा अभियान छेड़ा गया है। निगम कमिश्नर बिक्रमजीत सिंह शेरगिल और एडिशनल कमिश्नर डॉ. जय इंदर सिंह के कड़े निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए निगम की टीम ने सेलिब्रेशन मॉल से लेकर फोर एस चौक तक लगने वाले अवैध संडे बाजार के विरुद्ध विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान सार्वजनिक सड़कों और फुटपाथों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया और अनधिकृत रेहड़ियो -फड़ियों को जब्त किया गया। यह पूरी कार्रवाई सचिव एवं एस्टेट अधिकारी सुशांत भाटिया के नेतृत्व में इंस्पेक्टर अमन शर्मा और एस्टेट विभाग की टीम की कड़ी निगरानी में संचालित की गई। निगम अधिकारियों ने बताया कि इस क्षेत्र के निवासियों, विभिन्न कॉलोनी वेलफेयर समितियों तथा आम जनता से लगातार अवैध संडे बाजार को लेकर गंभीर शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों में कहा गया था कि संडे बाजार के कारण मुख्य सड़क पर यातायात पूरी तरह बाधित हो जाता है, जिससे पैदल यात्रियों का निकलना भी दूभर हो गया था। संडे बाजार के अतिक्रमण के चलते हर रविवार को यहां भारी ट्रैफिक जाम लग रहा था, जिसमें एंबुलेंस जैसे आपातकालीन वाहन भी फंस रहे थे। कार्रवाई के दौरान टीम ने फुटपाथों को पूरी तरह खाली करवाया। इसके साथ ही निगम ने सभी अनधिकृत रेहड़ी-फड़ी संचालकों को सख्त हिदायत दी है कि वे भविष्य में बिना अनुमति के सार्वजनिक स्थानों पर दुकानें न लगाएं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी विक्रेता ने दोबारा इस जगह पर अतिक्रमण करने की कोशिश की, तो उसके खिलाफ सामान जब्त करने के साथ-साथ सख्त कानूनी कार्रवाई (एफआईआर) भी अमल में लाई जाएगी। नगर निगम कमिश्नर बिक्रमजीत सिंह शेरगिल ने कहा कि निगम सार्वजनिक सड़कों, फुटपाथों और आम रास्तों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि अमृतसर के नागरिकों को सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके। उन्होंने साफ किया कि शहर भर में ऐसे औचक और विशेष अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।