ब्यास-जालंधर के बजाय अब सीधे बटाला, गुरदासपुर- पठानकोट होकर चलेगी ट्रेन
- Neha Gupta
- Jun 16, 2026
भास्कर न्यूज | अमृतसर श्री माता वैष्णो देवी कटरा जाने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों के लिए फिर से वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पटरी पर दौड़ेगी। करीब 7 माह से बंद पड़ी अमृतसर-कटड़ा वंदे भारत (26405/26406) मंगलवार को फिर से पटरी पर दौड़ने के लिए तैयार है। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू मंगलवार को ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। 9 माह में ही ट्रेन का दूसरी बार शुभारंभ होने जा रहा है। इससे पहले यह ट्रेन 10 अगस्त 2025 को अमृतसर से रवाना हुई थी। उस दौरान सांसद गुरजीत सिंह औजला, पंजाब भाजपा के तत्कालीन कार्यकारी प्रधान अश्वनी शर्मा ने इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इस ट्रेन का अब रूट बदला गया है, जिसके चलते फिर से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जाएगी। मंगलवार को अमृतसर-कटरा (26405) ट्रेन अमृतसर से शाम को 16.40 बजे रवाना होगी। 17.18 बजे बटाला, 17.58 बजे गुरदासपुर, 18.32 बजे पठानकोट, 20.03 जम्मू तवी और रात 21.45 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटरा पहुंच जाएगी। इसी तरह कटरा-अमृतसर (26406) ट्रेन सुबह 6.40 बजे रवाना होगी और 11.40 बजे अमृतसर रेलवे स्टेशन पर पहुंच जाएगी। बता दें कि रेलवे की ओर से इस ट्रेन को 25 नवंबर 2025 को जम्मू में चक्र रखवाल और माधोपुर पंजाब के बीच पुल के निर्माण के चलते बंद कर दिया गया था। मंगलवार को चलने वाली इस ट्रेन के लिए नाममात्र यात्रियों ने ही टिकट बुक करवाया है। 300 के करीब चेयर कार और 36 के करीब सेकंड क्लास की सीटें खाली है। ट्रेन के शुभारंभ के लिए प्लेटफार्म नंबर 1 पर कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। मंच तैयार किया जा चुका है और केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू संबोधन करेंगे। उनके साथ-साथ सांसद गुरजीत सिंह औजला, नव-नियुक्त राज्यसभा सदस्य तरुण चुघ, विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह, विधायक डॉ. अजय गुप्ता को भी कार्यक्रम में आने के लिए निमंत्रण पत्र भेजा गया है। मंगलवार से यह ट्रेन ब्यास और जालंधर जाने के बजाय सीधे बटाला, गुरदासपुर और पठानकोट होकर कटरा जाएगी। इसके अलावा पहले यह ट्रेन मंगलवार को नहीं चलती थी, लेकिन अब नए टाइम टेबल के अनुसार यह शनिवार को नहीं चला करेगी। सप्ताह में बाकी के 6 दिन इसका संचालन जारी रहेगा। प्लेटफॉर्म नंबर एक पर तैयारी

