जंडियाला गुरु जीटी रोड पर जलभराव से मिलेगी मुक्ति, 6 माह में बनेगी साइड ड्रेन
- Neha Gupta
- Jun 13, 2026
भास्कर न्यूज | अमृतसर जंडियाला गुरु जीटी रोड पर जलभराव से मुक्ति मिलेगी। यहां 6 माह में साइड ड्रेन तैयार होगी। यह बात मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने जंडियाला गुरु में साइड ड्रेन की आधारशिला रखते समय कही। उन्होंने कहा कि इस ड्रेन पर लगभग 9.31 करोड़ खर्च होंगे। इस कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही जमीनी स्तर पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसके उपरांत मंत्री ने अमृतसर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग से जंडियाला-वैरोवाल सड़क पर बनने वाले पुल की भी आधारशिला रखी। उन्होंने बताया कि गांव गुणोवाल में 81.67 लाख रुपये की लागत से इस पुल का निर्माण किया जाएगा। इसकी समय सीमा भी 6 माह निर्धारित की गई है तथा संबंधित ठेकेदार को कार्य आवंटित किया जा चुका है। इस मौके पर सरदार अमरीक सिंह सोढ़ी, श्री सुरिंदर सोनू, मनजिंदर हैप्पी, पार्षद सरदार नरेंद्र सिंह निंदा, अवतार सिंह काला, राज कुमार मल्होत्रा, सरदार सतिंदर सिंह, अमन विरक, मनजिंदर भीड़ी, चेयरमैन गुरविंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

