जत्थेदार गड़गज्ज को पत्र, रघबीर सिंह को निष्कासित करने की मांग

भास्कर न्यूज | अमृतसर तख्त श्री पटना साहिब प्रबंधक कमेटी के पूर्व प्रधान भाई रणजीत सिंह गौहर-ए-मस्कीन ने श्री अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज को पत्र भेजा है। उन्होंने श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह को तलब कर पंथ से निष्कासित करने की अपील की है। जत्थेदार भाई रणजीत सिंह ने कहा है कि ज्ञानी रघबीर सिंह ने पंजाब सरकार द्वारा बेअदबी की घटनाओं की जांच के लिए गठित एसआईटी के समक्ष पेश होकर सिख सिद्धांतों, मर्यादा व परंपराओं की उल्लंघना की है। उन्होंने कहा कि ज्ञानी रघबीर सिंह ने न सिर्फ मर्यादा का उल्लंघन किया है बल्कि अकाल तख्त के सिद्धातों का भी अपमान किया है। जत्थेदार का दुनियावी पुलिस के समक्ष पेश होकर शिअद प्रधान सुखबीर बादल के खिलाफ बयान दर्ज करवाना गुनाह की श्रेणी में आता है। सिख इतिहास में ऐसा कोई उदाहरण नहीं है कि कोई जत्थेदार बयान दर्ज करवाने के लिए पुलिस के समक्ष पेश हुआ हो। उन्होंने कहा कि ज्ञानी रघबीर सिंह ने दर्ज करवाए बयान में कहा है कि सुखबीर बादल ने 2 दिसंबर 2024 को अकाल तख्त पर पेश होकर सिख पंथ के सामने बहबल कलां में साल 2015 में हुए गोलीकांड की जिम्मेदारी स्वीकार की थी।