पाकिस्तान-कनाडा भेजी सेना की लाइव फुटेज: बठिंडा में 2 जासूस अरेस्ट, 2 फरार

बठिंडा पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने जासूसी नेटवर्क का खुलासा किया है। टीमों ने सेना की लाइव फुटेज पाकिस्तान और कनाडा भेजने वाले 2 जासूसों को अरेस्ट किया है, जबकि मास्टरमाइंड समेत 2 आरेापी फरार हो गए। आरोपियों ने बठिंडा-मलोट हाईवे पर बिजली के पोल पर सोलर कैमरा लगा रखा था। पुलिस ने कैमरे की जांच की तो पता लगा कि वे सेना की फुटेज कनाडा और पाक भेजी जा रही थी। कैमरा 3 माह से एक्टिव था। एसपी सिटी नरिंदर सिंह ने दावा किया कि जासूसी नेटवर्क के तार सरहद पार पाक से जुड़े हैं। आरोपियों की पहचान अशोक कुमार (40) निवासी गांव सराए जिला अमृतसर और अकाशदीप सिंह (22) है। 10 जून को थर्मल एसएचओ हरजीवन सिंह को कैमरे की सूचना मिली थी। जांच के दौरान पता लगा कि आरोपी अशोक ने खुफिया नेटवर्क चलाने के लिए खुफिया कैमरा, चिप, सिम कार्ड आकाशदीप को उपलब्ध कराई थी। इसके जरिए राजस्थान, फाजिल्का और फिरोजपुर बॉर्डर की तरफ आने-जाने वाले सैन्य काफिले और सुरक्षा बलों से जुड़ी लाइव फुटेज-वीडियो सीधे पाक और कनाडा में बैठे देश विरोधी लोग देख रहे थे। दोनों ने कैमरा इंस्टॉल करने से पहले बठिंडा, हनुमानगढ़ (राजस्थान) और कपूरथला में सैन्य ठिकानों की रेकी की थी। एसएसपी डॉ. ज्योति बैंस यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अजनाला एरिया के रहने वाले हैं। इससे साफ है कि इन्हें सीमा पार से निर्देश मिल रहे थे। पूछताछ जारी है।