क्रेडिट मैनेजर पर दात्तर से हमला करके बैग लूटने की कोशिश करने वाले काबू
- Neha Gupta
- Jun 12, 2026
भास्कर न्यूज | अमृतसर लोन कंपनी के क्रेडिट मैनेजर से दातर से हमला कर लूट की कोशिश करने के मामले में थाना वल्ला पुलिस ने 3 दिन के बाद 2 आरोपियों को काबू कर लिया। वारदात की सीसीटीवी वीडियो भी सामने आई है, जिसमें आरोपी युवक स्कूटी पर पीछा करते और दातर से हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्कूटी को भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता परमजीत सिंह उर्फ पम्मा निवासी गांव अमरकोट रख देवी दासपुर, थाना जंडियाला ने बताया कि वह एक फाइनेंस कंपनी में क्रेडिट मैनेजर के तौर पर काम करता है। उसका दफ्तर बटाला रोड स्थित मुस्तफाबाद इलाके में है। परमजीत ने पुलिस को बताया कि 8 जून की शाम करीब 6.15 बजे वह अपनी बाइक पर सवार होकर दफ्तर से गांव लौट रहा था। पीड़ित के मुताबिक, आर्मी कैंट के पास पहुंचते ही काले रंग की स्कूटी पर सवार तीन युवकों ने उसे घेर लिया। आरोपियों के हाथों में दातर थे और वे उसका किट बैग छीनने की कोशिश करने लगे। परमजीत ने विरोध करते हुए बाइक वहां से पीछे घुमाई तो ने स्कूटी से उतरकर उसपर दातर से हमला कर दिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मसीहा उर्फ कोहली और रोहित निवासी रोज एवेन्यू के रूप में हुई जबकि तीसरा आरोपी शिवा अभी फरार चल रहा है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ पहले से कोई केस दर्ज नहीं है।

