मैंगो उत्सव : ठाकुर जी को 11 किलो आम का भोग लगाया, नौका विहार करवाया
- Neha Gupta
- Jun 15, 2026
भास्कर न्यूज | अमृतसर फतेहगढ़ चूड़ियां रोड स्थित बीरबल पुरा की गोकुल गौशाला में भव्य ‘मैंगो उत्सव' का आयोजन किया गया, जिसके तहत ठाकुर जी को नौका विहार करवाया गया। इस्कॉन की ओर से शाम 7 बजे शुरू हुए इस उत्सव में सैकड़ों प्रभु भक्त दर्शनों के लिए पहुंचे। गोकुल गौशाला के सेवादारों द्वारा ठाकुर जी को नौका विहार करवाने के लिए परिसर में एक विशेष तालाब तैयार किया गया, जिसमें पानी भरकर गुलाब समेत अलग-अलग तरह के सुंगधित फूल डाले गए। ठाकुर जी के लिए पवनहंस की आकृति वाली एक बेहद सुंदर नौका बनाई गई, जिसे फूलों से विशेष रूप से सजाया गया था। तालाब के चारों तरफ भक्तों के बैठने की खास व्यवस्था की गई थी। ‘निताई गौर हरिबोल' के जयकारों के बीच गौशाला के सेवादारों द्वारा भगवान श्री राधा-कृष्ण जी को नौका में विराजमान कराया गया। जैसे ही प्रभु जी ने नौका विहार शुरू किया, तो वहां मौजूद भक्तों ने झूमते हुए ठाकुर जी पर गुलाब की पंखुड़ियों से भारी फूल वर्षा की। प्रभु को नौका विहार करते देख भक्तजन आनंदित हो उठे। इसके बाद ठाकुर जी को विभिन्न किस्मों के 11 किलो आमों का महाभोग लगाया गया, जिसमें सिंदूरी, लंगड़ा, चौसा समेत कई तरह के प्रसिद्ध आम शामिल रहे। धार्मिक उत्सव की अध्यक्षता इंद्रानुज प्रभु द्वारा की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद गुरजीत सिंह औजला, सीनियर डिप्टी मेयर प्रियंका शर्मा और सनातन सेवा समिति के माझा जोन प्रमुख प्रणव धवन विशेष रूप से पधारे। इस दौरान सभी अतिथियों और भक्तों ने मिलकर श्री राधा-कृष्ण जी की दिव्य आरती उतारी। उत्सव के उपलक्ष्य में पूरे गौशाला परिसर को बेहद आकर्षक ढंग से सजाया गया था। इस मौके पर नरेंद्र अरोड़ा समेत भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

