लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321-डी के सदस्यों ने लिया निष्काम सेवा का संकल्प

भास्कर न्यूज | अमृतसर लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321-डी द्वारा साल 2026-27 के जिला गवर्नर जीएस भाटिया के नेतृत्व में रीजन चेयरमैन, कैबिनेट अधिकारियों और क्लब अध्यक्षों की स्कूलिंग का ‘संकल्प' समारोह रविवार को रणजीत एवेन्यू स्थित होटल हॉलिडे इन में आयोजित किया गया। इसमें पूर्व इंटरनेशनल अध्यक्ष लायन डॉ. नरेश अग्रवाल, अमरपाल सिंह जंडू, इलेक्ट गवर्नर वीएम गोयल, राजीव खोसला, केआर जैन सहित दविंदरपाल अरोड़ा और सुरिंदर महाजन (स्कूलिंग चेयरमैन) विशेष तौर पर शामिल हुए। समारोह के मुख्य वक्ता लायन द्वारका दास जलान ने सदस्यों को निष्काम सेवा का संकल्प दिलाया। उन्होंने घटती सदस्यता पर चिंता जताते हुए कहा कि बिना योजना और लक्ष्य के सेवा का संकल्प पूरा नहीं हो सकता। इसके लिए सदस्यों को खुद अनुशासित होना होगा, टाइम मैनेजमेंट करना होगा और पब्लिक इंटरैक्शन मुहिम शुरू करनी होगी ताकि लोग खुद लायंस क्लब की तरफ आकर्षित हों। जिला गवर्नर जीएस भाटिया ने सदस्यों से बदलते दौर के साथ सोशल मीडिया पर अपडेट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आपसी कनेक्टिविटी के लिए सभी सदस्य ईमेल बनाकर लायंस पोर्टल से जुड़ें और हर क्लब का प्रधान व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर डिजिटल इंडिया के तहत सूचनाओं का आदान-प्रदान करे। उन्होंने 1 जुलाई से देशव्यापी सदस्यता अभियान शुरू कर ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने और तन-मन-धन से समाज सेवा में योगदान डालने की अपील की। समारोह को लायन जेपी सिंह चौधरी ने भी संबोधित किया।