अमृतसर | बुधवार को गर्मी और लू के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम पारा 43.2 डिग्री और न्यूनतम 28.7 डिग्री रहा। हालांकि राहत की बात है कि अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 11 से 14 जून के बीच आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा तथा एक-दो स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इसके चलते अधिकतम तापमान में भी गिरावट आएगी और 12-13 जून को पारा 36 डिग्री तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी गतिविधियों के कारण लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

