भास्कर न्यूज | अमृतसर सिविल अस्पताल अमृतसर के सीनियर मेडिकल अफसर (एसएमओ) डॉ. रजनीश कुमार शर्मा से कथित बदसलूकी और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में थाना ए डिवीजन पुलिस ने पूर्व पार्षद शैलिंदर सिंह शैली, समाज सेवक सुभाष सहगल और केशव के खिलाफ केस दर्ज किया है। हालांकि अभी किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। एसएमओ का आरोप है कि शुक्रवार सुबह 10:40 बजे पूर्व पार्षद शैलिंदर सिंह शैली, सुभाष सहगल और केशव उनके कार्यालय में पहुंचे। इस दौरान एक मेडिको लीगल रिपोर्ट (एमएलआर) को लेकर उनके साथ बहस की गई तथा सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए रिपोर्ट संबंधी मामले में दबाव बनाने का प्रयास किया गया।थाना ए-डिवीजन के प्रभारी इंस्पेक्टर जसजीत सिंह गिल ने बताया कि केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

