एनआरआई सुनील शर्मा हत्याकांड मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को जेल भेज दिया है जबकि 2 अभी फरार हैं। 2 दिन का रिमांड खत्म होने के बाद आरोपी भाई, भतीजे समेत 3 आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इससे पहले पुलिस 2 दिन पहले आरोपी भाभी को भी कोर्ट में पेश कर जेल भेज चुकी है। मामले में अब भी फरार चल रहे 2 प्रॉपर्टी डीलरों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस जांच के अनुसार एनआरआई सुनील की हत्या की साजिश परिवार के अंदरूनी विवाद और प्रॉपर्टी एंगल को लेकर रची गई थी। मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे हुए हैं। हालांकि हरिके दरिया में फेंका शव पुलिस को 10 दिन के बाद भी बरामद नहीं हुआ है। जांच अधिकारी शमशेर सिंह ने बताया कि मामले में गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या की साजिश में और लोग भी शामिल हो सकते हैं। पुलिस फरार आरोपियों और डीलरों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग जगहों पर रेड कर रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले में आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना है। जांच टीम मोबाइल रिकॉर्ड, आर्थिक लेनदेन और आरोपियों के आपसी संपर्कों को भी खंगाल रही है। फिलहाल पुलिस का मुख्य फोकस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और एनआरआई सुनील के शव की बरामदगी पर है, ताकि हत्या की पूरी साजिश और वारदात की कड़ियों को जोड़ा जा सके।

