भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के अमृतसर दौरे को लेकर ओपी धनखड़ और चीमा ने की बैठक

भास्कर न्यूज | अमृतसर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पदभार संभालने के बाद जल्द ही पंजाब के अपने पहले प्रवास पर अमृतसर आ रहे हैं। गुरुनगरी में उनके इस दौरे को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए अमृतसर भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। बुधवार को जिला कार्यालय शहीद हरबंस लाल खन्ना स्मारक में जिला अध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू की अध्यक्षता में एक अहम बैठक हुई। इसमें रणनीति तैयार करने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओपी धनखड़ और प्रदेश उपाध्यक्ष बिक्रमजीत सिंह चीमा विशेष रूप से पहुंचे। ओपी धनखड़ ने बताया कि अभी दौरे की तारीख तय नहीं हुई है, लेकिन तैयारियों को जमीन पर उतारने के लिए बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को तुरंत सक्रिय किया जाना चाहिए। वहीं, बिक्रमजीत चीमा ने कहा कि यह प्रवास कार्यकर्ताओं में नया जोश और ऊर्जा भरेगा। जिला अध्यक्ष संधू ने शीर्ष नेतृत्व को शानदार स्वागत का आश्वासन दिया। बैठक में सभी 9 विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारियों को रूट प्लानिंग, स्वागत द्वार बनाने और कार्यकर्ताओं की लामबंदी के कड़े निर्देश दिए गए। इस मौके पर अमरपाल सिंह बोनी अजनाला, सुखमिंदर सिंह पिंटू, डॉ. राम चावला, सलिल कपूर, मनीष शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता, और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।