भास्कर न्यूज | अमृतसर श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के डायरेक्टर भूपिंदर सिंह ने कहा कि अमृतसर-नांदेड़ सीधी फ्लाइट दोबारा शुरू होने के आसार कम है। उन्होंने कहा कि नई उड़ानें शुरू करने की जिम्मेदारी एयरपोर्ट अथॉरिटी की नहीं, बल्कि एयरलाइंस कंपनियों की होती है। अथॉरिटी के पास नया ऑपरेशन संभालने के लिए पूरा इंफ्रास्ट्रक्चर और सुविधाएं मौजूद हैं। हालांकि, उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में अमृतसर से पटना और गोवा के लिए सीधी कनेक्टिविटी शुरू हो सकती है। वहीं डायरेक्टर ने स्वीकार किया कि तकनीकी खामियों की वजह से रनवे के विस्तार कार्य की गति धीमी है। डायरेक्टर ने बताया कि 15 जून को एयरपोर्ट पर यात्री सुविधा दिवस मनाया जाएगा। वहीं, डायरेक्टर ने बताया कि अमृतसर एयरपोर्ट पंजाब का मुख्य एविएशन गेटवे बन चुका है। मिनिस्ट्री ऑफ सिविल एविएशन के मार्गदर्शन में पिछले 12 वर्षों में यहां भारी ग्रोथ हुई है। साल 2013-14 में जहां पैसेंजर ट्रैफिक 10.34 लाख था, वह साल 2024-25 में बढ़कर 35.25 लाख से पार हो गया है।

