पंजाब के बटाला में AAP सरपंच पर फायरिंग:गंभीर हालत में अमृतसर रेफर; सोशल मीडिया पर हमले की जिम्मेदारी वाली पोस्ट वायरल

पंजाब के बटाला क्षेत्र से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां गांव कादियां राजपूतां के मौजूदा सरपंच और आम आदमी पार्टी के यूथ विंग के जिला प्रधान गुरविंदर सिंह पर अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला किया। हमलावरों ने उन पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना देर शाम की बताई जा रही है। घटना के बाद लोगों की मदद से गुरविंदर सिंह को बटाला के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अमृतसर के निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इस बीच सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है, जिसमें हमले की जिम्मेदारी एक गैंगस्टर द्वारा लेने का दावा किया जा रहा है। हालांकि पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वायरल पोस्ट की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। जिला स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाते हैं गुरविंदर परिजनों के अनुसार, गुरविंदर सिंह अपने गांव के मौजूदा सरपंच हैं और राजनीतिक रूप से आम आदमी पार्टी के यूथ विंग में जिला स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाते हैं। हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोग काफी डरे हुए नजर आए। डीएसपी फतेहगढ़ चूड़ियां ललित कुमार ने बताया कि पुलिस को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने कहा कि घायल सरपंच को बेहतर इलाज के लिए अमृतसर रेफर किया गया है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही पुलिस पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी जुटाए जा रहे हैं।