अमृतसर में रात 10 से सुबह 2-बजे तक चलेगा विशेष-सफाई-अभियान:कैबिनेट मंत्री हरजोत बैंस ने किया औचक निरीक्षण
- DSS Admin
- Jun 16, 2026
पंजाब सरकार के “क्लीन पंजाब मिशन” के तहत अमृतसर में सफाई व्यवस्था को देखने बीती देर रात कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस खुद शहर की सड़कों पर पहुंचे और लगभग ढाई से तीन घंटे तक वॉल्ड सिटी और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। रात 10 से 2 बजे तक विशेष सफाई अभियान की घोषणा मंत्री ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए बताया कि अमृतसर में अब रात के समय विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत रोजाना रात 10 बजे से सुबह 2 बजे तक सड़कों और प्रमुख मार्गों की सफाई की जाएगी, ताकि सुबह-सुबह श्री दरबार साहिब में माथा टेकने आने वाली संगत को एक साफ-सुथरा और सुंदर शहर देखने को मिले। उन्होंने कहा कि यह पहल अभी शुरुआत है और आने वाले समय में इसे और मजबूत और प्रभावी बनाया जाएगा। मंत्री बैंस ने यह भी बताया कि वह हर सप्ताह किसी भी रात अचानक निरीक्षण करेंगे ताकि सफाई व्यवस्था की जमीनी हकीकत का पता चल सके और सुधार लगातार जारी रहे। लोगों से सफाई में सहयोग की अपील निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों, दुकानदारों और श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि कई जगहों पर सफाई के बाद लोग दोबारा कूड़ा फेंक देते हैं, जिससे शहर को साफ रखना मुश्किल हो जाता है। मंत्री ने यह भी कहा कि जितना अमृतसर साफ और सुंदर होगा, उतना ही पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय व्यापारियों की आय में भी वृद्धि होगी। इसके साथ ही हेरिटेज स्ट्रीट के लिए विशेष योजना पर काम चल रहा है, जिसमें रोजाना धुलाई, सड़क मार्किंग और सीवरेज डी-सिल्टिंग जैसे कार्य शामिल हैं, ताकि बरसात के दिनों में जलभराव की समस्या न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी पूरा शहर पूरी तरह साफ नहीं हुआ है, लेकिन सुधार के प्रयास लगातार जारी हैं।

