15 दिन बाद रिटायर होने वाले राजेश अमृतसर-2 के ज्वाइंट सब रजिस्ट्रार

भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब सरकार ने राज्य में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। अमृतसर जिले में तैनात सब रजिस्ट्रार, ज्वाइंट सब रजिस्ट्रार, तहसीलदार व नायब तहसीलदारों को इधर से उधर किया गया है, जबकि अन्य जिलों से आए अधिकारियों को यहां महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पिछले कुछ माह से तहसील-3 की खाली पड़ी सब रजिस्ट्रार की पोस्ट पर नकोदर से तहसीलदार गुरप्रीत सिंह को तैनात किया गया है। वहीं लखविंदर सिंह को तहसीलदार बाबा बकाला लगाया गया है। इसी तरह तहसील-1 में तैनात ज्वाइंट सब रजिस्ट्रार-1 अंकुश अंगुराल का तबादला लुधियाना वेस्ट कर दिया गया है। उनकी जगह लोपोके में तैनात नायब तहसीलदार तरलोचन सिंह को लगाया गया है। इसी तरह तहसील-2 में तैनात ज्वाइंट सब रजिस्ट्रार अभिषेक वर्मा का तबादला तलवाड़ा (होशियारपुर) कर दिया गया है। उनकी जगह पट्‌टी के नायब तहसीलदार राजेश कुमार लेंगे जिनकी रिटायरमेंट से 15 दिन बाकी हैं। बाबा बकाला में तैनात नायब तहसीलदार मनी महाजन का तबादला अमरगढ़ कर दिया गया है और उनकी जगह पर गुरसेवक सिंह, लोपोके में तरलोचन सिंह की जगह लखविंदर सिंह, रमदास के नायब तहसीलदार कारज सिंह को खडूर साहिब, रुस्तम कुमार को ब्यास व कुलवंत सिंह को अमृतसर में तैनात किया गया है।