ग्रेड पे की मांग को लेकर आरबीएसके फार्मासिस्टों ने धालीवाल को सौंपा ज्ञापन
- Neha Gupta
- Jun 11, 2026
भास्कर न्यूज | अमृतसर राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत सरकारी स्कूलों के बच्चों की सेहत सुधारने में जुटे फार्मासिस्टों ने अब अपने हक के लिए आवाज बुलंद की है। समान कार्य के बदले समान वेतनमान और ग्रेड पे की मांग को लेकर आरबीएसके फार्मासिस्ट यूनियन के एक प्रतिनिधिमंडल ने अजनाला के विधायक सरदार कुलदीप सिंह धालीवाल से मुलाकात की और उन्हें मांग पत्र सौंपा। फार्मासिस्टों का साफ कहना है कि वे नियमित सरकारी फार्मासिस्टों की तरह ही पूरी योग्यता के साथ फील्ड में डटे हैं, लेकिन सरकार उनके साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। फार्मेसी ऑफिसर्स एसोसिएशन के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बाबा कोहरी और यूनियन प्रतिनिधि बाबा शमशेर सिंह कोहली ने बताया कि हाल ही में माननीय हाईकोर्ट ने एक मामले की सुनवाई करते हुए एनएचएम के डायरेक्टर को आरबीएसके कर्मचारियों के संबंध में ‘स्पीकिंग ऑर्डर' जारी करने के निर्देश दिए थे। इस आदेश के बाद डायरेक्टर की ओर से जो रिपोर्ट तैयार की गई, उसमें स्टाफ नर्सों का ग्रेड तो सरकारी नर्सिंग स्टाफ के बराबर करने की सिफारिश कर दी गई, लेकिन फार्मासिस्टों के सही तथ्यों और उनकी योग्यता को रिपोर्ट में शामिल ही नहीं किया गया। यूनियन ने इसे सीधे तौर पर फार्मासिस्टों के साथ वादाखिलाफी और भेदभाव करार दिया है। ज्ञापन लेने के बाद विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वह इस मामले को गंभीरता से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि वह स्वयं मिशन डायरेक्टर एनएचएम से बातचीत कर फार्मासिस्टों की मांगों के समाधान का प्रयास करेंगे। इस अवसर पर संगठन के नेता निशान सिंह, गुरतेज सिंह, संगीता दीपक, नरिंदर सिंह आदि मौजूद थे।

