पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमतों से बढ़ रही है महंगाई: रंजन अग्रवाल

भास्कर न्यूज | अमृतसर राष्ट्रीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश प्रधान रंजन अग्रवाल ने पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमतों, विशेषकर घरेलू गैस के बढ़ते दामों पर चिंता जताते हुए केंद्र सरकार से इस पर अंकुश लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत एक हजार रुपए तक पहुंच गई है, जबकि पेट्रोल भी प्रति लीटर 105 रुपए का आंकड़ा पार कर चुका है। उन्होंने कहा कि इसका विपरीत असर व्यापार पर पड़ रहा है, क्योंकि पेट्रोल-डीजल और गैस की कीमतें बढ़ते ही महंगाई का ग्राफ भी आसमान छूने लगता है। केंद्र सरकार को पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमतों पर अंकुश लगाने के लिए ठोस उपाय करने चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को भी इन पर लगने वाले वैट व अन्य करों में कटौती करनी चाहिए। केंद्र को पेट्रोलियम पदार्थों की निर्बाध आपूर्ति के लिए वैकल्पिक व सुरक्षित सप्लाई चेन विकसित करनी चाहिए। उन्होंने पेट्रोलियम पदार्थों और विशेषकर कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में हुई भारी वृद्धि पर भी गहरी चिंता जताते हुए सरकार से कीमतों को नियंत्रित करने के लिए दीर्घकालिक नीति बनाने और एमएसएमई व छोटे उद्योगों के लिए विशेष राहत पैकेज घोषित करने की मांग की है।