एंबुलेंस चालक के बेटे समर का सपना पायलट बनना

अमनदीप सिंह | अमृतसर पंजाब स्टेट टैलेंट सर्च एग्जामिनेशन (पीएसटीएसई) की 10वीं की मेरिट सूची में अमृतसर के स्टूडेंट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। 500 विद्यार्थियों की मेरिट सूची में अमृतसर के 92 स्टूडेंट्स शामिल हैं। इनमें स्कूल ऑफ एमिनेंस अजनाला के 5 विद्यार्थियों का चयन विशेष उपलब्धि माना जा रहा है। स्कूल के शुभप्रीत सिंह ने पूरे पंजाब में पहला स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। समरप्रीत सिंह, जुगराज सिंह, पलकदीप कौर और सुखनूर सिंह ने भी सफलता हासिल की है। सभी विद्यार्थी 11वीं में पढ़ाई कर रहे हैं। बच्चों ने सफलता के पीछे नियमित अध्ययन, शिक्षकों का मार्गदर्शन और परिवार का सहयोग बताया। राज्य स्तरीय इस परीक्षा में अमृतसर के विद्यार्थियों का प्रदर्शन सरकारी स्कूलों में बेहतर हो रही शिक्षा व्यवस्था का प्रमाण माना जा रहा है। किसी ने खेती करने वाले पिता के सपनों को पंख दिए तो किसी ने दिहाड़ी मजदूरी करने वाले माता-पिता के संघर्ष को अपनी प्रेरणा बनाया। समरप्रीत सिंह ने 150 में से 120 अंक हासिल कर मेरिट में जगह बनाई। समरप्रीत ने बताया कि उन्होंने दिसंबर महीने में महज एक माह की विशेष तैयारी की थी। वे आगे चलकर पायलट बनना चाहते हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय स्कूल की मैडम अर्शदीप के मार्गदर्शन को दिया। पिता सुखवंत सिंह 108 एम्बुलेंस के चालक हैं। चक्क डोगरा निवासी जुगराज सिंह का सपना आगे चलकर इंजीनियर बनने का है, ताकि वे परिवार की आर्थिक स्थिति को सुधार सकें। जुगराज के पिता जसपाल सिंह और माता कश्मीर कौर दोनों दिहाड़ी-मजदूरी कर परिवार चलाते हैं। जुगराज ने कहा कि माता-पिता के कड़े संघर्ष ने मुझे आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। स्कूल ऑफ एमिनेंस अजनाला के शुभप्रीत सिंह ने परीक्षा में 136 अंक प्राप्त कर पूरे पंजाब में पहला स्थान हासिल किया है। गांव सराएं के रहने वाले शुभप्रीत के पिता गुलाब सिंह खेतीबाड़ी करते हैं और माता सुखवंत कौर गृहिणी हैं। शुभप्रीत को नियमित अध्ययन की आदत और अनुशासित जीवनशैली ने ही उसे राज्य में टॉपर बनाया है।