9 दिन में पहले गांव लखूवाल में रोड किनारे मिला था सुखविंदर का शव

भास्कर न्यूज | अमृतसर अजनाला पुलिस ने 9 दिन में मर्डर केस को सुलझाते हुए आरोपी पत्नी, उसके प्रेमी समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अवैध संबंधों में रोड़ा बन रहे पति को रास्ते से हटाने के लिए पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। हत्या के बाद आरोपियों ने सड़क हादसा दिखाने के लिए शव को बाइक समेत सड़क किनारे फेंक दिया था। एसएसपी देहाती कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि 4 जून को अजनाला के गांव लखूवाल इलाके में सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव मिला था जिसके मुंह और गले पर तेजधार हथियार के निशान थे। मृतक की पहचान सुखविंदर सिंह उर्फ सरवन निवासी शहजादा के रूप में हुई। मृतक के साढू वीरसा सिंह निवासी सैदपुर खुर्द के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया था। पुलिस जांच शुरू की और मामले को सुलझाते हुए पत्नी निमो कौर उर्फ निमो, प्रेमी मंगता सिंह निवासी सैदपुर खुर्द, सतिंदर सिंह, जसनदीप सिंह निवासी सैदपुर खुर्द और सरवन सिंह निवासी झुंज थाना भिंडीसैदां को गिरफ्तार किया। निमो कौर की शादी करीब 10 साल पहले सुखविंदर सिंह के साथ हुई थी। पिछले 2 साल से निमो कौर के गांव सैदपुर खुर्द निवासी मंगता सिंह के साथ प्रेम संबंध बन गए थे। सुखविंदर को पत्नी और मंगता सिंह के बीच हो रही बातचीत और रिश्ते की भनक लग गई थी। इसी बात को लेकर घर में विवाद भी रहने लगा था। इसी के चलते उसकी हत्या की गई। पुलिस पूछताछ में पत्नी निमो कौर बार-बार बयान बदल रही थी। उसके जवाबों में विरोधाभास मिलने पर पुलिस को उस पर शक गहरा गया। बाद में सख्ती से पूछताछ करने पर वह टूट गई और गुनाह कबूल लिया।