भास्कर न्यूज | अमृतसर श्री अकाल तख्त साहिब स्थित गुरुद्वारा शहीद बाबा गुरबख्श सिंह में बेअदबी की कोशिश के मामले में गिरफ्तार युवक को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया। थाना कोतवाली पुलिस ने आरोपी का एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। एसीपी सेंट्रल सुरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस अब आरोपी पूछताछ कर रही है कि वह अमृतसर क्यों आया, उसके पीछे कोई संगठन या व्यक्ति तो नहीं है और घटना के पीछे उसकी मंशा क्या थी। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी 35 वर्षीय अभयजीत के रूप में हुई है। जब आरोपी युवक को गुरुद्वारा साहिब के प्रबंधकों ने काबू किया और उससे पूछताछ की तो उसने कहा कि वह खलासी लाइन गुरुद्वारे से बापू जी और साहिब सिंह जी से पैसे लेकर आया था। उसने दावा किया कि वह अमृतसर अकेला ही आया था और उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति नहीं था। अंबाला कैंट में उसकी गाड़ी का चालान कट गया था, जिसके बाद वह बस से जालंधर पहुंचा और फिर अपने पास मौजूद 100 खर्च कर अमृतसर आया। मैं अपनी मर्जी से आया हूं। मैं कभी झूठ नहीं बोलता, न मैं किसी से डरता हूं। अगर गलत लगूं तो चाहे काट दो।

