जंडियाला गुरु के गांव जब्बोवाल में वारदात, दुकान से लौट रहे मनजिंदर को 3 हमलावरों ने मारी गोलियां

भास्कर न्यूज |अमृतसर/जंडियाला देहाती एरिया में हत्याओं का सिलसिला थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। जंडियाला गुरु के गांव जब्बोवाल में शुक्रवार रात बाइक सवार 3 हमलावरों ने युवक की गोलियां मारकर हत्या कर दी। देहाती एरिया में 23 दिन में यह 6वां मर्डर है। मृतक की पहचान मनजिंदर सिंह (25) उर्फ मन्ना के रूप में हुई है। मनजिंदर कांग्रेस पार्टी से जुड़ा था और इलाके में अच्छी पहचान थी। उसकी 5 महीने की एक बेटी है। जानकारी के अनुसार, मनजिंदर सिंह रोज की तरह रात करीब 9.55 बजे अपनी खेतीबाड़ी से संबंधित दुकान बंद कर स्कूटी पर घर लौट रहा था। तभी हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया। मृतक के दोस्त साहिब सिंह मान ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना रात 10 बजे पुलिस को दे दी गई थी, लेकिन पुलिस करीब 6 घंटे बाद मौके पर पहुंची। उनका कहना है कि अगर पुलिस समय पर पहुंचती तो कई अहम सबूत जुटाए जा सकते थे। वहीं दोस्त अमृतपाल सिंह ने बताया कि हमला सुनियोजित था। हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर पीछे से आए और गोलियां मारकर फरार हो गए। उसने दावा किया कि आरोपी आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो चुके हैं। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के दोस्त ने अमृतपाल सिंह के मुताबिक, जैसे ही दोनों गांव के पास पहुंचे तो वो अपने घर की तरफ मुड़ गया, जबकि मनजिंदर दूसरी तरफ चला गया। इसी दौरान आगे बाइक सवार 3 हमलावरों ने मनजिंदर पर फायरिंग कर दी। हमलावरों ने 7 से 8 राउंड फायर किए। 3 गोलियां मनजिंदर के शरीर के आर-पार हो गईं। घटना मनजिंदर के घर के पास ही हुई। मृतक के पिता अवतार सिंह ने बताया कि उनके 2 बेटे हैं, एक विदेश में रहता है। मनजिंदर की हत्या से पूरा परिवार टूट गया है। उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। वहीं शोक जताने पहुंचे पूर्व विधायक सुखविंदर सिंह डैनी ने बताया कि मनजिंदर ने कांग्रेस की तरफ से सरपंच चुनाव लड़ने के लिए नामांकन भरा था। मगर उसके कागज रिजेक्ट हो गए थे। डीएसपी जंडियाला गुरु बलजीत सिंह ने बताया कि सीसीटीवी खंगाल रहे हैं। बता दें 22 मई को मजीठा में एनआरआई, 24 मई को मजीठा में एएसआई, 29 मई को अजनाला में युवक और 1 जून को तरसिक्का में सरकारी टीचर जगदीप सिंह की हत्या हुई। वहीं, 4 जून को अजनाला के लखूवाल में सुखविंदर सिंह की तेजधार हथियार से हत्या के आरोप में पत्नी व उसके प्रेमी सहित 5 लोग काबू किए गए हैं।