सेलिब्रेशन एन्क्लेव वेलफेयर एसो. की बैठक में 2 गुटों में तू-तू-मैं-मैं

तरनतारन रोड स्थित सेलिब्रेशन एन्क्लेव में सेलिब्रेशन वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह में रविवार सुबह 9.30 बजे आयोजित बैठक में 2 गुटों में जमकर हंगामा हुआ। पहले दोनों गुटों में तू-तू, मैं-मैं हुई फिर बहस के साथ आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला शुरू हो गया। एसोसिएशन ने सेलिब्रेशन एन्क्लेव का विकास न हो पाने के चलते रणनीति बनाने के लिए बैठक बुलाई थी। बैठक शुरू होते ही एन्क्लेव के प्रॉपर्टी डीलर एवं सदस्य सर्बजीत सिंह ने कहा किया कि एसोसिएशन की ओर से हर कोठी की दीवार के बाहर गेट पर यह प्लाट बिकाऊ है के पोस्टर लगा दिए गए हैं, जहां यह पोस्टर लगाए गए हैं वहीं एक स्थान पर बोर्ड भी लगा दिया गया है कि सावधान... इस एन्क्लेव में सीवरेज व्यवस्था ठप्प है, सडकें टूटी हैं, लोग नारकीय जीवन व्यतीत कर रहे हैं इसलिए जो भी यहां प्रॉपर्टी की खरीदो फरोख्त करना चाहता है अपनी जिम्मेदारी पर करे। सर्बजीत ने पोस्टर व बोर्ड पर आपत्ति जताते हुए कहा कि इसके चलते कॉलोनी के प्रॉपर्टी डीलरों का कारोबार ठप्प होकर रह गया है। इसलिए यह पोस्टर व बोर्ड हटाए जाएं। इस दौरान अन्य सदस्यों अमृतपाल सिंह, उपप्रधान इंद्रजीत सिंह गिल व अन्यों के साथ बहस शुरू हो गई। मामला इतना बिगड़ गया कि तू-तू, मैं-मैं के बीच नौबत हाथापाई तक पहुंच गई लेकिन एसोसिएशन के प्रधान सतनाम सिंह ने दोनों गुटों को शांत करवाया। इस दौरान टकराव की कवरेज कर रहे पत्रकार का मोबाइल इंद्रजीत सिंह और उनके समर्थकों ने छीन लिया। जबरदस्ती फोटो डिलीट करने के बाद मोबाइल लौटाया। गांव गुरवाली में स्थित सेलिब्रेशन एन्क्लेव की वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान सतनाम सिंह का कहना था कि कॉलोनी में सीवरेज सिस्टम पूरी तरह से फेल हो चुका है, जिससे गंदा पानी सड़कों और खाली प्लॉटों में जमा हो रहा है। कॉलोनी 12-13 साल पहले बसाई गई थी। कॉलोनाइजरों ने शुरू में सड़कें पक्की करके, टाइलें और लाइटें लगाकर कॉलोनी बनाई और बाद में चले गए। कॉलोनाइजरों ने सीवरेज सिस्टम पर कोई ध्यान नहीं दिया। आज कॉलोनी में करीब 400 घर बन गए हैं, लेकिन सीवेज ओवरफ्लो होने की वजह से गंदा पानी लोगों के घरों में घुस रहा है। सड़कों का बुरा हाल है।