श्रीमती पार्वती देवी हॉस्पिटल में ‘उप्पल डेंटल केयर' का शुभारंभ

श्रीमती पार्वती देवी हॉस्पिटल (यूनिट-2) में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस ‘उप्पल डेंटल केयर' का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन अमृतसर के मेयर जतिंदर सिंह भाटिया ने अस्पताल प्रबंधन और प्रमुख चिकित्सकों की उपस्थिति में किया। डॉ. अमरतेज सिंह उप्पल के नेतृत्व में शुरू हुआ यह विभाग मरीजों को एक ही छत के नीचे विश्वस्तरीय दंत चिकित्सा सेवाएं प्रदान करेगा। मेयर जतिंदर सिंह भाटिया ने अस्पताल प्रबंधन को बधाई देते हुए कहा कि आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित यह केंद्र शहर की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करेगा। इस विभाग में दांतों की सामान्य जांच, रूट कैनाल, कॉस्मेटिक डेंटिस्ट्री, स्माइल डिजाइनिंग और बच्चों के दांतों के इलाज जैसी व्यापक सुविधाएं मिलेंगी। अस्पताल के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर संजय महेश्वरी ने बताया कि केंद्र में डिजिटल डायग्नोस्टिक और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप स्टरलाइजेशन सिस्टम लगाया गया है, जिससे मरीजों को कम समय में दर्दमुक्त व सटीक उपचार मिल सकेगा। इस मौके पर सुमन्यु महेश्वरी, डॉ. शुभम गुप्ता और करण औलख आदि मौजूद रहे।