अमृतसर| आम आदमी पार्टी के जिला प्रधान एवं पंजाब पनसप के चेयरमैन प्रभबीर सिंह बराड़ ने वल्ला फ्लाईओवर के निर्माण में हो रही लगातार देरी को भाजपा के कथित विकास मॉडल की विफलता का प्रतीक बताया है। उन्होंने कहा कि छह से सात वर्षों से निर्माणाधीन यह फ्लाईओवर आज भी अधूरा पड़ा है, जिससे क्षेत्र के लोगों को रोजाना ट्रैफिक जाम, धूल-मिट्टी और अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बराड़ ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधीन चल रहा यह केंद्रीय प्रोजेक्ट लोगों को सुविधा देने के बजाय परेशानी का कारण बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वल्ला फ्लाईओवर ही नहीं, बल्कि रीगो ब्रिज सहित कई केंद्रीय परियोजनाएं वर्षों से अधूरी पड़ी हैं। चुनावों के दौरान विकास के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन परियोजनाओं को समय पर पूरा करने में भाजपा पूरी तरह असफल रही है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने भी फ्लाईओवर निर्माण में देरी के खिलाफ रोष जताया है। ठेकेदार द्वारा काम छोड़ने और नए टेंडरों की चर्चा से लोगों की चिंता और बढ़ गई है। बराड़ ने केंद्र सरकार से फ्लाईओवर का निर्माण युद्धस्तर पर पूरा करने की मांग करते हुए कहा कि जनता अब केवल दावों नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाले विकास को महत्व देती है।

