अबोहर में नहर से स्टूडेंट का शव बरामद:'गुड बाय' का स्टेटस लगाकर हो गया अचानक लापता; नहर किनारे मिली थी बाइक
- Neha Gupta
- Jun 12, 2026
अबोहर के गांव मलूकपुर निवासी बीए के छात्र कार्तिक (18) का शव आज सुबह गांव कलरखेड़ा के निकट उसमानखेड़ा की टेलों से बरामद किया गया। छात्र ने कल दोपहर मलूकपुरा नहर में छलांग लगाई थी। सूचना मिलने पर नर सेवा नारायण सेवा समिति के सदस्य और कलरखेड़ा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में समिति के सदस्यों ने शव को नहर से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अबोहर के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मृतक छात्र के परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर उसकी पहचान की। अबोहर के वाहेगुरु कॉलेज में पढ़ने वाला कार्तिक कल दोपहर अपनी मां को अबोहर में मौसी के घर छोड़कर बाजार जाने की बात कहकर गया था। बाद में उसकी बाइक हनुमानगढ़ रोड पर मलूकपुरा नहर किनारे मिली थी। 'गुड बाय' का स्टेटस लगाया कार्तिक के मामा राकेश कुमार ने बताया कि कल जब उसने 'गुड बाय' का स्टेटस लगाया, तब उन्हें उसके नहर में कूदने का पता चला। परिवार को यह नहीं पता कि उसने ऐसा क्यों किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक युवक के परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

