भास्कर न्यूज़ | जालंधर जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने गैंगस्टरों पर वार और युद्ध नशों के विरुद्ध अभियान के तहत अलग-अलग कार्रवाइयों में चार आरोपियों को अवैध हथियार और हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त जालंधर श्रीमती धनप्रीत कौर आईपीएस के दिशा-निर्देशों में, डीसीपी/इन्व. श्री मनप्रीत सिंह ढिल्लों पीपीएस, एडीसीपी/इन्व. जयंत पुरी आईपीएस और एसीपी/डी अमरबीर सिंह पीपीएस की निगरानी में हुई। पुलिस के अनुसार गत दिनों विशेष सेल के इंचार्ज एसआई मनजिंदर सिंह की टीम ने डिविजनल कमिश्नर कार्यालय के बाहर पार्किंग के पास एक एक्टिवा (पीबी-08-एफपी-1595) सवार युवक को रोका। तलाशी में डिग्गी से 32 बोर पिस्टल, मैगजीन और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी की पहचान दिमांशू उर्फ हिमांशू पुत्र विजय कुमार, निवासी मुस्लिम कॉलोनी, थाना रामामंडी के रूप में हुई। इस संबंध में थाना नवी बारादरी में मुकदमा नंबर 121 दर्ज किया गया। वहीं 11 जून को सीआईए स्टाफ इंचार्ज इंजी. सुरिंदर कुमार की टीम ने निखिल नाहर पुत्र मदन लाल, निवासी बूटा पिंड से 50 ग्राम हेरोइन, 32 बोर पिस्टल, मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद किए। टीम ने अभिषेक उर्फ साहिल उर्फ काली पुत्र राम पाल, निवासी सोफी पिंड, थाना कैंट से 50 ग्राम हेरोइन भी बरामद की। थाना डिविजन नंबर 7 में मुकदमा नंबर 124 के तहत एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने शुक्रवार को निखिल नाहर के खुलासे पर करण उर्फ गंजा पुत्र अजय, निवासी सहिरिया मोहल्ला, जिला कपूरथला को लेदर कॉम्प्लेक्स, जालंधर से गिरफ्तार कर धारा 29 एनडीपीएस एक्ट जोड़ी। पुलिस के अनुसार दिमांशू उर्फ हिमांशू के खिलाफ पहले से दो, निखिल नाहर व अभिषेक उर्फ साहिल उर्फ काली के खिलाफ चार-चार और करण उर्फ गंजा के खिलाफ दो मामले दर्ज हैं।

