जालंधर | पंजाब सरकार को रोजगार के मुद्दे पर घेरने के लिए बेरोजगार सांझा मोर्चा ने अपनी मुहिम तेज कर दी है। संगरूर के बाद अब अगले चरण में 15 जून को मुख्यमंत्री भगवंत मान के पैतृक गांव सतौज में बेरोजगारों की सत्थ लगाई जाएगी, जहां सरकार के चुनावी वादों, शिक्षा और स्वास्थ्य के दावों पर सार्वजनिक बहस होगी। मोर्चा नेताओं सुखविंदर ढिल्लवां, रमन मलोट और अमनदीप सेखा ने बताया कि पहले यह कार्यक्रम 10 जून को होना था, जिसे अब आगे बढ़ाया गया है। नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार नौकरियों के झूठे दावे कर रही है, जबकि हकीकत में एनटीटी से लेकर सहायक प्रोफेसर तक कोई नई भर्ती नहीं निकाली गई। मोर्चा ने मांग की है कि मास्टर कैडर में 55 प्रतिशत अंक की शर्त खत्म की जाए, लेक्चरर के खाली पदों का विज्ञापन जारी हो, 250 आर्ट एंड क्राफ्ट टीचर परीक्षा जल्द कराई जाए और एनटीटी की 8393 पोस्टों का दोबारा विज्ञापन निकाला जाए। इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए विभिन्न शिक्षक और जनवादी संगठनों के साथ रणनीति तैयार कर ली गई है।

