एक फोन कॉल के बाद रुकी प्रेस कॉन्फ्रेंस, गैंगस्टर लक्की लाहौरिया ग्रुप ने ली हत्याकांड की जिम्मेदारी
- Neha Gupta
- Jun 15, 2026
भार्गव कैंप के तहत आते दशमेश नगर में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल सभी 7 आरोपियों की पहचान कर ली है। भार्गव कैंप थाने के एसएचओ राजइंदर सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल का मुआयना करने के बाद दावा किया है कि आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। इसी बीच इस दोहरे कत्ल की जिम्मेदारी जेल में बंद गैंगस्टर लक्की लाहौरिया ग्रुप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर ली है, जिससे मामले में गैंगवार और आपसी रंजिश का एंगल और गहरा गया है। रविवार को पीड़ित परिवारों के घर भारी तनाव और मातम का माहौल देखा गया, जहां एक तरफ इकलौते बेटे की मौत से परिवार बिखर गया, वहीं दूसरी तरफ पुलिसिया कार्रवाई पर सवाल उठाने चली प्रेस कॉन्फ्रेंस को एक संदिग्ध फोन कॉल के बाद बीच में ही रोकना पड़ा। हमले में जान गंवाने वाला दूसरा युवक सौरभ अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। वह अक्सर बीमार रहता था, जिसके कारण परिवार उससे कोई काम भी नहीं करवाता था। घटना के वक्त भी सिमरनजीत सिंह अपने दोस्त सौरभ को दवाई दिलाने के लिए अस्पताल लेकर जा रहा था, तभी रास्ते में उन्हें घेरकर गोलियां मार दी गईं। सौरभ के पिता विदेश में रहते हैं, जिन्हें बेटे की मौत की सूचना दे दी गई है। उनके जालंधर पहुंचने के बाद ही सौरभ का अंतिम संस्कार किया जाएगा। वारदात के बाद सिमरनजीत सिंह के परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई थी। अभी प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू हुए महज डेढ़ मिनट ही बीता था कि परिवार की एक महिला सदस्य के मोबाइल पर किसी का फोन आ गया। महिला करीब एक मिनट तक फोन पर बात सुनती रही और फिर अचानक कहा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस को बंद करने के लिए फोन आया है। इस घटना के बाद से इलाके में कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। इस पूरे खूनी खेल के पीछे की कहानी लगभग 6 महीने पुरानी है, जो सोशल मीडिया की रंजिश से जुड़ी हुई है। दरअसल, 6 महीने पहले मुख्य आरोपी गुल्लू और मृतक सौरभ आपस में गहरे दोस्त थे। तब उन दोनों ने मिलकर सिमरनजीत सिंह को बुरी तरह पीटा था और उसका एक वीडियो बनाया था। वीडियो में सफेद शर्ट पहने युवक की पहचान मृतक सौरभ के रूप में हुई है, जो उस वक्त गुल्लू के साथ मिलकर सिमरन को पीट रहा था। गुल्लू ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड न करने की हिदायत दी थी। यह वीडियो जेल में बंद गैंगस्टर लक्की लाहौरिया के हाथ लग गया और उसने इसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट कर दिया, जिसके बाद सिमरन ने भी इसे शेयर कर दिया। वीडियो का फुटेज।

