भास्कर न्यूज | अलावलपुर कस्बा अलावलपुर में इन दिनों लुटेरों ने आतंक मचा रखा है, जिससे लोगों में दहशत है। रविवार को भी बेखौफ लुटेरों ने दिनदहाड़े बाइक पर बेटे के साथ घर लौट रही महिला के कानों से बालियां छीन ली और मौके से फरार हो गए। पीड़ित महिला सुरेंद्र कौर ने बताया कि वह आदमपुर से बेटे मनप्रीत के साथ बाइक पर घर लौट रही थी दोपहर करीब 3:15 बजे अलावलपुर आदमपुर रोड पर गांव महमदपुर के पास पीछे से आए दो बाइक सवार लुटेरों ने चलती बाइक पर कानों से बालिया छीन कर तेजी से अलावलपुर की तरफ फरार हो गए। उन्होंने शोर भी मचाया, लेकिन दोपहर होने के चलते सड़क सुनसान थी। बेटे ने पिता चरणजीत को फोन कर घटना की जानकारी दी जो अलावलपुर अड्डे पर मौजूद अपने साथियों के साथ अलावलपुर की तरफ आ रहे नकाबपोश लुटेरों को सामने से रोकने की कोशिश की लेकिन, बेहद तेज रफ्तार लुटेरे बाइक घुमाकर अलावलपुर से लिंक रोड के रास्ते ब्याज पिंड की तरफ निकल गए। महिला ने बताया कि उनकी बालियां करीब चार ग्राम थी, जिनकी कीमती 60 हजार रुपए के आसपास थी। घटना की अलावलपुर पुलिस को सूचना दे दी गई है। पुलिस लुटेरों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

