भास्कर न्यूज | जालंधर जालंधर की सेठ हुकम चंद कॉलोनी वेलफेयर सोसायटी (रेजि.) ने कॉलोनी के पास बहने वाली नहर में कथित प्रदूषित औद्योगिक निकासी को लेकर पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। सोसायटी ने बताया कि नहर में गंदे पानी की निकासी से दुर्गंध और गंदगी बढ़ रही है, जिससे मच्छरों का प्रजनन और बीमारियों के फैलाव की आशंका बनी हुई है। सोसायटी के अनुसार, नजदीकी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे और बुजुर्ग निवासी विशेष रूप से प्रभावित हो सकते हैं। सोसायटी ने कहा कि इस संबंध में जालंधर के उपायुक्त को भी शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन समस्या बनी हुई है। सोसायटी की मांगों में नहर और आसपास की औद्योगिक इकाइयों का त्वरित निरीक्षण, प्रदूषित औद्योगिक निकासी के स्रोतों की पहचान, नियमों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों पर सख्त कार्रवाई, बिना शोधन वाले अपशिष्ट जल की निकासी तत्काल रोकना तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करना शामिल है। सोसाइटी ने नाले की सफाई कराने, प्रदूषण स्रोतों की जांच और क्षेत्र को बीमारी-मुक्त बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। पत्र में संरक्षक केडी भंडारी, अध्यक्ष जगदीश भटारा, प्रधान हरीश के. कालिया, वरिष्ठ उपप्रधान वरिंदर मिधा, महासचिव डॉ. जी.पी.एस. संधू और ओएसडी पवन गोयल के नाम दर्ज हैं। पत्र में पीपीसीबी द्वारा निरीक्षण कर रिपोर्ट देने का उल्लेख भी किया गया है।

