भास्कर न्यूज़ | जालंधर मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. जसविंदर सिंह की अध्यक्षता में खाद विक्रेताओं के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य खादों के वितरण को सुव्यवस्थित बनाए रखना तथा सरकार के निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करना था। बैठक के दौरान डॉ. जसविंदर ने स्पष्ट किया कि यूरिया की बिक्री के साथ किसी भी अन्य कृषि उत्पाद की जबरन टैगिंग नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यूरिया किसानों की आवश्यक खाद है और इसे खरीदते समय किसानों पर किसी अन्य उत्पाद की खरीद का दबाव बनाना सरकारी निर्देशों का उल्लंघन है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में खाद नियंत्रण आदेश (एफसीओ) के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्य कृषि अधिकारी ने खाद विक्रेताओं को निर्देश दिए कि किसानों को खाद की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा बिक्री और स्टॉक का पूरा रिकॉर्ड पारदर्शिता के साथ रखा जाए। उन्होंने कहा कि खाद की बिक्री किसानों की वास्तविक जरूरत के अनुसार और बिना किसी दबाव के की जानी चाहिए। बैठक में डॉ. सुरजीत सिंह सहायक पौध संरक्षण अधिकारी, डॉ. अमरीक सिंह कृषि विकास अधिकारी इनफोर्समेंट तथा खाद विक्रेता अंगद कपूर, प्रवीण कुमार और अश्वनी कुमार उपस्थित रहे। इस दौरान खाद विक्रेताओं ने विभाग के निर्देशों का पालन करने और सहयोग का भरोसा दिलाया।

