भट्टियां के पास ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात व्यक्ति की मौत

भास्कर न्यूज | जालंधर भट्टियां के पास वीरवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। गवर्नमेंट रेलवे पुलिस के इंचार्ज एएसआई प्रेम कुमार ने बताया कि पुलिस सेक्शन 194 के तहत कार्रवाई कर रही है। एएसआई प्रेम कुमार के अनुसार मृतक का सिर पूरी तरह क्लीन शेव था। उसने आसमानी ग्रे रंग की धारीदार शर्ट और नीले रंग का शॉट्स पहन रखा था। पुलिस ने शव को मौके से कब्जे में लेकर 72 घंटे के लिए सिविल हॉस्पिटल फिल्लौर की मॉर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र करीब 50 से 55 साल के बीच प्रतीत हो रही है और वह बाहर से आया हुआ लगता है। पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस मृतक के वारिसों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। बहरहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।