पहली बरसात में प्रशासन की लापरवाही पर रोष

भास्कर न्यूज | जालंधर जालंधर में हुई भारी बरसात के बाद शहर की बदहाली को लेकर पार्षद मनजीत सिंह टीटू की अगुवाई में पार्षदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम आयुक्त को मांग पत्र सौंपा। पार्षदों ने जलभराव, सीवरेज जाम, सफाई व्यवस्था की विफलता और प्रशासनिक लापरवाही पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि मात्र आधे घंटे की बारिश ने निगम द्वारा मानसून से निपटने के दावों और करोड़ों रुपये की आधुनिक मशीनों की पोल खोलकर रख दी है। मुख्य सड़कों, बाजारों और रिहायशी इलाकों में पानी भरने तथा गंदा पानी घरों व दुकानों में घुसने से लोगों को भारी आर्थिक नुकसान और स्वास्थ्य संबंधी खतरों का सामना करना पड़ा है। अभी मानसून की शुरुआत भी नहीं हुई है और शहर का यह हाल है, जिससे जनता में भारी आक्रोश और डर का माहौल बना हुआ है। पार्षदों ने मांग की है कि शहर की पूरी सीवरेज व्यवस्था की युद्धस्तर पर सफाई करवाई जाए, सीवरेज मशीनों के उपयोग व खर्च का विवरण सार्वजनिक किया जाए और सीवरमैनों की उपस्थिति की उच्चस्तरीय जांच हो। इसके साथ ही जलभराव के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय कर उन पर कार्रवाई की जाए और मानसून से पूर्व ठोस कार्ययोजना सार्वजनिक की जाए। चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द ही इसका समाधान नहीं हुआ, तो शहरवासी उग्र प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। इस मौके पर पार्षद अजय बब्बल, सरताज सिंह, दर्शन लाल भगत, तरविंदर, राजीव धींगरा सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।