डीएवी कॉलेज के छात्रों ने परीक्षाएं पास कर मनवाया अपनी प्रतिभा का लोहा

भास्कर न्यूज | जालंधर डीएवी कॉलेज के कॉमर्स और मैनेजमेंट विभाग के 85 से अधिक विद्यार्थियों ने सीए फाउंडेशन, सीए इंटरमीडिएट, सीएस एग्जीक्यूटिव, सीएस-सीएसईईटी, एसीसीए और अन्य प्रोफेशनल परीक्षाएं पास कर कॉलेज का नाम रोशन किया है। इन छात्रों ने बीकॉम (फाइनेंशियल सर्विसेज), (टैक्स प्लानिंग), रेगुलर, बीबीए और एमकॉम के विद्यार्थियों ने अपनी नियमित पढ़ाई के साथ-साथ इन प्रोफेशनल परीक्षाओं को भी पास किया। विभाग ने यूनिवर्सिटी परीक्षाओं में भी शानदार प्रदर्शन किया। 150 से अधिक छात्रों ने 7 से 8.48 के बीच एसजीपीए प्राप्त की। प्रमुख विद्यार्थियों में दिवांशु कैंथ (8.48), कनिका (8.32), सिमरजीत सिंह (8.31) और नेहा अरोड़ा (8.28) शामिल रहे। प्लेसमेंट के क्षेत्र में भी विभाग ने बेहतरीन सफलता हासिल की है। 120 से अधिक विद्यार्थियों को देश की नामी बैंकों, कंपनियों और स्टार्टअप में रोजगार के अवसर मिले हैं। चयन करने वाली प्रमुख संस्थाओं में आईसीआईसीआईसीआईसीआई बैंक, साउथ इंडियन बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, एसबीआई कार्ड्स, एचडीएफसी बैंक, ज़ोमैटो, टाइम्स ऑफ इंडिया और अन्य कई कंपनियां शामिल हैं। कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. अनूप कुमार ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रोफेशनल परीक्षाओं और यूनिवर्सिटी परिणामों में मिली सफलता विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के समर्पण का प्रमाण है। विभाग के प्रमुख प्रो. अशोक कपूर ने कहा कि नियमित मूल्यांकन, विषयों की गहरी समझ और व्यक्तिगत मार्गदर्शन ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ प्रोफेशनल परीक्षाओं में सफलता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।